समाधान शिविर में लोगों की शिकायत सुनते डीसी सुशील सारवान। स्रोत : डीपीआरओ
सोनीपत। लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में प्लाॅटों से संबंधित, गली में जाम सीवर को खुलवाने, पानी, परिवार पहचान पत्र आदि से संबंधित 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। डीसी सुशील सारवान ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसलिए सभी विभागों के विभागाध्यक्ष समाधान शिविर के दौरान मौजूद रहते हैं। इस दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी राजदीप मोर, डीआरओ सुशील शर्मा, डीडीपीओ मनीष मलिक व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
खरखौदा में सात लोग पहुंचे शिकायत ले कर
उपमंडल कार्यालय में लगाए गए समाधान शिविर में सात लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। तहसीलदार बिजेंद्र नांदल शिविर में आई शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को देते हुए जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
गढ़ी सिसाना गांव की पंचायत की तरफ से बताया गया कि उनके गांव में पेयजल पाइप लाइन जर्जर हो चुकी है। इसके कारण घरों में पर्याप्त व शुद्ध पानी नहीं पहुंच रहा है। इसके साथ ही गांव का कुछ हिस्से में आज तक पाइप लाइन बिछाई ही नहीं गई है। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के भी चक्कर लगाए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। फरमाणा के ग्रामीणों ने 2010 में मिले 100 वर्ग गज के प्लाॅटों पर उन्हें मालिकाना हक दिलाने की मांग की।