सोनीपत। स्कूलों में बच्चों को ले जाने- ले आने के लिए लगाए गए वाहन पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। सोमवार को पुलिस ने जिले में स्कूली वाहनों की जांच की तो यातायात नियमों के पैमाने पर 102 स्कूल वाहन फेल मिले। सभी वाहनों का चालान काटे गए हैं।
गत वर्ष हुए हादसों से स्कूल वाहन संचालक सबक नहीं सीख रहे हैं। सोमवार को जिलेभर में पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक नरेंद्र कादियान की अगुवाई में सुरक्षित स्कूल वाहन अभियान के तहत वाहनों की जांच की गई।
विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस और थानों की पुलिस ने जिलेभर में संचालित स्कूल बसों, वैनों और अन्य वाहनों की व्यापक स्तर पर जांच की। इस दौरान 102 वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों में कोई न कोई कमी जरूर पाई गई। ये वाहन यातायात नियमों का उल्लंघन कर चल रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल बसों की फिटनेस, ओवरलोडिंग, सुरक्षा उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास), ड्राइवरों के वैध लाइसेंस, यूनीफॉर्म तथा अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।
पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक सोनीपत नरेंद्र कादियान ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल बस संचालकों एवं स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन करें।
नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्यवाही की जाएगी। 3 से 10 नवंबर का विशेष अभियान चलाया गया। आगे भी इसी तरह चेकिंग की जाएगी।
फोटो : 12: सोनीपत में स्कूल बस की चेकिंग करते पुलिस कर्मी। स्रोत : पुलिस प्रवक्ता- फोटो : सांकेतिक