रजवाहा टूटने से गेहूं की 50 एकड़ फसल जलमग्न
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जुआं-सिसाना माइनर से निकाला गया रजवाहा टूटने से मोहाना व आसपास के गांवों के खेतों में पानी भर गया। जिससे फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने खाला निर्माण के दौरान संबंधित विभाग पर निम्न स्तर की सामग्री का आरोप लगाया है।
किसानों ने बताया कि मोहाना गांव में रजवाहा टूटने से आसपास की करीबन 50 एकड़ गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों ने कहा कि गेहूं की फसल मे ज्यादा पानी होने के चलते उनकी फसल बर्बादी की कगार पर है। उन्होंने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ने डेढ़ साल पहले रजवाहा का निर्माण कराया था। जिसमें निम्न स्तर की सामग्री लगाई गई, जिसके कारण रजवाहा टूट गया। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि इसकी सफाई न होने के कारण पानी अधिक मात्रा में आया हुआ था। मोहाना गांव के किसान संदीप, प्रेम, सुरेंद्र, राजकुमार, युद्धवीर, युद्धविंद्र व जाजी गांव के किसान रोहतास, वीरेंद्र, रमेश, दीपक, मोनू, धर्मपाल ने मुआवजा की मांग की है।