अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शानदार आगाज करने के बाद जिले का लाडला हिमांशु राणा अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं। हिमांशु अब जुलाई माह में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। हिमांशु को इंग्लैंड के खिलाफ चार दिवसीय मैचों की कप्तानी मिली है। एक दिवसीय मैचों की कप्तानी क्रिकेटर पृथ्वी को सौंपी गई है। हिमांशु राणा कई बार अपने बल्ले से बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। अंडर-17 टीम की कप्तानी मिलने के बाद शनिवार को हिमांशु राणा सोनीपत के लिटिल एंजल स्कूल में स्कूल प्रमुख आशीष आर्य व अन्य स्टाफ सदस्यों से मिलने पहुंचे।
हिमांशु राणा ने पांच अगस्त 2015 को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में हरियाणा की तरफ से शुरुआत की थी। हिमांशु राणा ने अब तक खेले गए 12 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच में 697 रन बनाए हैं। वहीं, 10 टी-20 में सोनीपत के छोरे ने 119 की स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए हैं। दिसंबर, 2016 में दाएं हाथ के बल्लेबाज हिमांशु राणा ने अफगानिस्तान टीम के खिलाफ खेलते हुए 130 रनों की शानदार पारी खेली थी। हिमांशु राणा का सपना सीनियर टीम में जगह बनाना है। हिमांशु की उपलब्धि पर शहरवासी गर्व महसूस कर रहे हैं।
सोनीपत के हिमांशु संभालेंगे अंडर-17 क्रिकेट टीम की कमान
प्रथम श्रेणी के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किया बेहतरीन प्रदर्शन