अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
डीआरएम आरएन सिंह ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर बुजुर्गों व दिव्यांगों को देखते हुए जल्द ही स्वचालित सीढ़ियां लगाई जाएंगी, जिसके लिए कार्य शुरू हो चुका है। वह वीरवार सुबह दिल्ली मंडल के अधिकारियों के साथ सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे थे।
सिंह वीरवार सुबह करीब 10:15 बजे सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर का दौरा किया और प्लेटफार्म नं. 4-5 पर ओएचई डालने के निर्देश दिए, ताकि रेलवे स्टेशन पर जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रिक इंजन को यहां पर खड़ा किया जा सके। इसके बाद उन्होंने पार्क का निरीक्षण भी किया। स्टेशन पर रेलवे टिकट घर के बाहर सड़क पर भरे बरसाती पानी की निकासी के लिए अधिकारियों को ड्रेनेज सिस्टम बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद प्लेटफार्म नं. एक पर बन रहे वेटिंग रूम का निरीक्षण किया, जहां बन रहे स्नानघर पर कहा कि वहां इसकी आवश्यकता नहीं है। वेटिंग रूम में स्नानघर नहीं बनाने के निर्देश दिए। वहीं, पूछताछ खिड़की के पास इलेक्ट्रॉनिक डिस्पले बोर्ड लगाने के लिए कहा गया, जिससे यात्रियों को सभी जानकारी मिल सके।
सोनीपत-जींद लाइन पर पैसेंजर की योजना नहीं
इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीआरएम आरएन सिंह ने कहा कि सोनीपत-जींद रेलवे लाइन पर रविवार को पैसेंजर ट्रेन चलाने का कोई प्लान नहीं है, क्योंकि उस रूट पर काफी कम यात्री हैं। अगर भविष्य में यात्री बढ़ते हैं तो उस पर विचार किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ सीनियर डीईएन एनएस बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हेमेंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अफजल शमसी, स्टेशन अधीक्षक विजय सिंह व एसएसई ओपी नागपाल मौजूद रहे।
फोटो 01 - अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन का दौरा करते डीआरएम आरएन सिंह