सोनीपत। सारथी जन सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से सोमवार को यूथ आइकॉन अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 युवकों को यूथ आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। हिंदू कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सभागार में वर्ष 2022 की थीम अंतर पीढ़ीगत एकजुटता : सभी उम्र के लिए एक दुनिया बनाना विषय पर सेमिनार भी आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यातिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम रमेश चंद्र पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अनिल कुमार जैन ने की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर समा बांधा।
मुख्यातिथि सीजेएम रमेश चंद्र ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की शक्ति होते हैं। बड़े-बुजुर्गों के अनुभव व युवाओं का जोश किसी भी क्षेत्र में कामयाबी हासिल कर सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। इस दौरान सारथी ट्रस्ट के संस्थापक चेयरमैन सतपाल सिंह अहलावत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाना तभी सार्थक होगा, जब युवा नवनिर्माण के पथ पर बढ़ेंगे। अहलावत ने कहा कि दुनिया की सरकारें युवाओं के मुद्दों, उनके सपनों, उनके लक्ष्यों पर ध्यान दे। सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक व राजनीतिक प्रत्येक स्तर पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप सिविल सर्जन, डॉ. नीरज यादव, सीए प्रिया गर्ग, हिंदू कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य राजबाला जाखड़ पहुंची। इस दौरान डॉ. सुमन मंजरी, गौरव गर्ग, किरण बाला, सुशील गोयल, नवीन गर्ग, डॉ इशिता, सरिता, प्रो. जगदीश बत्रा, जितेंद्र कुमार, अभिलाषा गौतम, डॉ. नरेंद्र सिंह खत्री के साथ विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्राध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
इन युवाओं को मिला यूथ आइकॉन अवार्ड
-नवीन मलिक, खेल क्षेत्र, राष्ट्रमंडल खेल-2022 के फ्री स्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक विजेता
-सीए प्रिया गर्ग, चार्टर्ड अकाउंटेंट, युवा प्रेरणा
-डॉ. निशांत मित्तल, चिकित्सा क्षेत्र, गोल्ड मेडलिस्ट, मित्तल नर्सिंग होम
-मोहित भारती, कलाकार
- भावना आंतिल, शिक्षा क्षेत्र, शिव शक्ति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य
-निहारिका, जल एवं पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र, राष्ट्रीय सेवा योजना के लिए राज्य पुरस्कार से सम्मानित
-अंजलि राठी, खेल क्षेत्र, भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली जूनियर टीम की टेनिस खिलाड़ी
-राहुल गुलिया, सामाजिक कार्य क्षेत्र, समाज कल्याण शिक्षा समिति के महासचिव
-संतलाल दहिया, मंडोरा, युवा किसान
-कोमल तोमर, महिला सशक्तीकरण क्षेत्र, सहायक प्रोफेसर सीआरए कॉलेज