सोनीपत। ज्यादा राशि के बिजली बिलों के विरोध में मोहाना गांव के लोगों ने शहर में जुलूस निकाला। सोमवार को ग्रामीण छोटूराम चौक से जुलूस निकालते हुए लघु सचिवालय के गेट पर पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए ज्यादा राशि के आए बिजली बिलों की प्रतियां फूंकीं। इसके बाद ग्रामीणों ने लघु सचिवालय में हुई जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने आए परिवहन मंत्री को ज्ञापन देकर बिजली बिलों से एडवांस सिक्योरिटी राशि को हटवाने की मांग की।
पूर्व जिला पार्षद संजय बड़वासनी, विनीत, सुरजीत, अनिल, दीपक, नवीन आदि ने कहा कि ज्यादा राशि के मिल रहे बिजली बिलों को लेकर ग्रामीणों में रोष है। इन बिलों को ठीक कराने के लिए ग्रामीण बिजली निगम के अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सुनवाई न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण संदीप, राकेश, जितेंद्र, रोहताश हंसराज, राज सिंह, अर्जुन, राजवीर व सतबीर ने बताया कि ग्रामीणों को 10 से 25 हजार रुपये तक के बिजली बिल मिल रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण बिल बिल जमा कराने में असमर्थ हैं। इस संबंध में कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को लिखित में शिकायत दी है, लेकिन कोई हल नहीं निकला। ग्रामीणों में बिजली निगम व सरकार के खिलाफ रोष है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण नियमित रूप से बिजली बिलों का भुगतान कर रहे हैं और वे म्हारा गांव जगमग गांव योजना में भी शामिल हो चुके हैं। उसके बाद भी बिजली निगम की ओर से ज्यादा राशि के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उनकी सरकार से मांग है कि प्रदेश के लोगों को प्रतिमाह बिजली की 300 यूनिट मुफ्त दी जाए, जिससे ग्रामीणों की मदद हो सके।