पंजाब के मलोट से शनिवार रात को मजदूरी कर लौट रहे थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा/डबवाली। गांव नया राजपुरा निवासी मामा व भांजा शनिवार देर रात बाइक सहित गांव अबूबशहर के समीप बहने वाली भाखड़ा नहर में गिर गए। हादसे में मामा ने भांजे की जान तो बचा ली लेकिन वह खुद पानी के तेज बहाव से नहीं बच सका और डूब गया। रविवार सुबह पुलिस ने युवक का शव नहर से बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक 24 वर्षीय मनीष गांव नया राजपुरा का रहने वाला था। मनीष मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह इकलौता बेटा था। उसके परिवार में पत्नी और करीब एक वर्ष का बेटा है। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
चौटाला चौकी के जांच अधिकारी एएसआई बेअंत सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में मनीष के पिता पप्पू ने बताया कि मनीष और उसका भांजा 23 वर्षीय विनोद पंजाब के मलोट के पास मजदूरी करने गए थे। शनिवार देर रात को काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जब वे गांव अबूबशहर के पास भाखड़ा नहर पर पहुंचे तो अचानक बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे के दौरान मनीष ने साहस दिखाते हुए पहले अपने भांजे विनोद को जोर से धक्का देकर नहर से बाहर निकलने का मौका दिया। किसी तरह विनोद ने बाहर निकलकर मदद के लिए शोर मचाया। तब तक नहर का तेज बहाव मनीष को अपने साथ बहाकर ले गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद मनीष का पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। रविवार सुबह मनीष का शव नहर से बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल भेजा गया।
जांच अधिकारी एएसआई बेअंत सिंह ने बताया कि मनीष के पिता पप्पू के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।