मृतक के परिजनों को समझाते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सिरसा के नागरिक अस्पताल में मंगलवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज न करने केआरोप लगाए हैं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। परिजन पोस्टमार्टम न करवाने को लेकर भी अड़े रहे।
जेजे कॉलोनी निवासी योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को उसके साथी फौजी के पेट में दर्द था। उसने आरोप लगाया कि जब वह उसे अस्पताल में लेकर पहुंचा तो उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन डॉक्टर ने परिवार के सदस्यों को बुलाने की बात कह दी। कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। उसने आरोप लगाया कि डॉक्टर की ओर से इलाज शुरू न किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है।
ऐसे में शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों ने बताया कि युवक नशे का आदी था और अस्पताल में की उसका इलाज चल रहा था। मृतक के परिजन पोस्टमार्टम न करवाने को लेकर अड़ गए और शव को ले जाने की जिद्द की। वहीं शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद ही शव देने की बात की। इसके बाद मृतक के परिजन शांत हो गए ।
मृतक के शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम होने के बाद ही बुधवार को शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
- राजबाला, प्रभारी, जेजे कॉलोनी चौकी, सिरसा।
मरीज के अस्पताल में पहुंचने के बाद उसका इलाज शुरू कर दिया होगा। मृतक के परिजनों की ओर से इस संबंध में कोई भी शिकायत नहीं दी गई है। मामले की जांच करवाई जाएगी।
- डॉ. संदीप गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।