रानियां। कस्बे से धनुर रोड पर स्थित खेत में बनी नलकूप की डिग्गी में गिरने से 29 वर्षीय अजय की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को बाहर निकालकर और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा की मोर्चरी में रखवाया दिया।
जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान शहर के कबीर कॉलोनी वार्ड नंबर नौ निवासी अजय पुत्र जरनैल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में अजय के पिता जरनैल सिंह ने बताया कि अजय को पिछले 18 सालों से मिर्गी के दौरे पड़ रहे थे और एक दिन पहले ही उसे अस्पताल से दवाई दिलवाकर लाए थे।
इसके बावजूद शनिवार सुबह करीब चार बजे उसे मिर्गी का दौर आया। इसके बाद वह सुबह करीब पांच बजे घर से बिना बताए निकल गया और करीब 12 बजे धनुर रोड स्थित एक खेत में बनी नलकूप की डिग्गी में गिरने से हुई मौत की सूचना मिली। खेत मालिक ने युवक को नलकूप की डिग्गी में गिरा देख कर रानियां पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।