सिरसा। तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से लुदेसर निवासी 30 वर्षीय हनुमान सिंह की मौत हो गई। चालक गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गया। नाथूसरी चोपटा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई सतबीर सिंह ने बताया कि वह और उसका भाई हनुमान मंगलवार शाम को खेत में सिंचाई करने के लिए पैदल जा रहे थे। लुदेसर गांव के बाहर स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसके भाई हनुमान को टक्कर मारी और काफी दूरी तक उसे घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद चालक वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों की सहायता से वह हनुमान को नाथूसरी चोपटा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने मामले की सूचना नाथूसरी चोपटा पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।