डबवाली के उत्तम नगर में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था युवक
बिजली गुल होने पर भाई के साथ गया था माइनर में नहाने
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। बिजली कट से परेशान दो युवा रविवार को पंजाब के मंडी किलियांवाली के माइनर में नहाने गए। इस दौरान एक युवक ने नहाने के लिए जैसे ही छलांग लगाई तो नहर की पक्की ईंटों से सिर टकराने से मौके पर ही मौत हो गई।
पंजाब पुलिस के अनुसार, डबवाली के उत्तम नगर में अपने रिश्तेदारों से मिलने आए युवक धर्मपाल की मंडी किलियांवाली क्षेत्र की माइनर में नहाने के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। 35 वर्षीय धर्मपाल श्रीगंगानगर, राजस्थान का रहने वाला था। धर्मपाल पेशे से सैलून संचालक और विवाहित था। वह हरियाणा में रविवार की छुट्टी मनाने डबवाली के उत्तम नगर स्थित अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था।
रविवार को दोपहर 1 बजे तक बिजली विभाग ने गर्मी ज्यादा होने पर ओवरलोड के चलते अघोषित कटौती कर दी। घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। गर्मी से बेहाल होकर धर्मपाल अपने चचेरे भाई के साथ पंजाब के मंडी किलियांवाली क्षेत्र की करीब चार फीट गहरी पक्के माइनर में नहाने चला गया। धर्मपाल ने जैसे ही पानी में छलांग लगाई तो पानी कम होने के कारण उसका सिर सीधे पक्के फर्श से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिर में गहरी चोट आने के कारण धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पंजाब की मंडी किलियांवाली पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने धर्मपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए गिदड़बाहा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। यहां परिजनों के बयानों पर सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।