- छुट्टीखेड़ा निवासी 35 वर्षीय मदन लाल का शव घंटों की मशक्कत के बाद बरामद, पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की
फोटो- 32
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। उपमंडल के गांव मौजगढ़ के समीप से गुजरने वाली भाखड़ा नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक गांव छुट्टीखेड़ा का 35 वर्षीय मदन लाल था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नहर से बरामद किया। मदनलाल के भाई के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह नहर की पटरी पर मदन लाल की आई-स्मार्ट बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके नहर में गिरने की आशंका जताते हुए पुलिस और परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू करवाई। कई घंटों तक चले सर्च अभियान के बाद मदन लाल का शव नहर से बरामद कर लिया गया।
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक मदनलाल के भाई मुकेश कुमार ने बताया कि मदन लाल शादीशुदा था। उसके दो बच्चे हैं। इनमें 9 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटा हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मदन पहले गांव केहरवाला के एक निजी स्कूल में अध्यापक के रूप में कार्यरत था लेकिन कुछ समय पहले नौकरी छोड़कर गांव में ही स्टेशनरी की दुकान शुरू कर दी थी।
मुकेश ने बताया कि बुधवार अलसुबह वह अपनी बाइक पर सवार होकर खेतों में गया था। खेत से लौटते समय उसने नहर किनारे बाइक खड़ी कर पानी पीने के लिए नीचे उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मुकेश के बयानों के आधार पर इत्तेफाकियां कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।