वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाते सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार व शिवशंकर सहारण।
चोपटा। सर्दी के मौसम कोहरे के चलते सड़क हादसे बढ़ जाते हैं। इन हादसों को रोकने के लिए शहीद चंद्रशेखर आजाद युवा क्लब ने पुलिस के साथ मिलकर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए। क्लब का मुख्य उद्देश्य कोहरे के दौरान हादसों पर अंकुश लगाना है।
अभियान की शुरूआत शुक्रवार सुबह सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार, चोपटा स्थित चौराहा पर पहुंच कर की। क्लब अध्यक्ष शिवशंकर सहारण व सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार, नरेश कुमार, विनोद यादव ने चोपटा से गुजरने वाले 50 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष शिवशंकर सहारण ने बताया कि रिफ्लेक्टर टेप कोहरे के दौरान सड़क पर चल रहे वाहनों को स्पष्ट रूप से देखने में मदद करता है। यह टेप दूर से चमकता है, जिससे वाहन चालकों को अन्य गाड़ियों का पता चल जाता है और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो जाती है। क्लब अध्यक्ष ने आमजन से अपील की कि वह अपने छोटे-बड़े वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाएं। कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन को चलाएं। ताकि जिले भर में सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
अभियान के तहत चौपहिया और भारी वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं। वाहन मालिकों को भी सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देकर रिफ्लेक्टर टेप लगाने की सलाह दी। - सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार