सिरसा। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अरदास सिंह। पुलिस
सिरसा। गांव मत्तूवाला के पास सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गांव मत्तूवाला निवासी अरदास सिंह को एक किलो 654 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रानियां पुलिस थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस मंगलवार को रानियां क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव मत्तूवाला के पास एक युवक हाथ में बैग लिए आता दिखा।
पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर बैग में से एक किलो 654 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी धर्मवीर का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह ये अफीम राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से लेकर आया था और इसे रानियां व आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की योजना थी।
जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पुलिस सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लेगी। इसके अलावा आरोपी से तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है,जो भी शख्स इसमें शामिल पाया गया उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी धर्मवीर के मुताबिक बरामद अफीम की कीमत पांच लाख रुपये है।