सिरसा। शहर की सालों पुरानी जलभराव की समस्या का समाधान करने को लेकर शहरी स्थानीय निकाय विभाग की टीम ने सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। सर्वें का कार्य पूर्ण होने बाद मुख्यालय की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू होगी। नगर परिषद के अधिकारियों की माने तो प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद शहर की सालों पुरानी जलभराव की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। लोगों को बारिश के दिनों में गलियां व मुख्य मार्गों पर पानी खड़ा नजर नहीं आएगा।
अधिकारियों के अनुसार कुछ समय पहले मुख्यालय से इंजीनियर्स की एक टीम आई थी। टीम ने शहर के डाउन एरिया का निरीक्षण किया था और अपनी डिटेल रिपोर्ट तैयार की थी। इस सर्वे के अंदर उन सभी जगहों को हमने दिखाया था, जिन जगहों पर बारिश के समय में पानी ठहरता है। वह चाहे कॉलोनियों की गलियां हो या शहर की मुख्य सड़कें हों। सभी की रिपोर्ट अधिकारियों ने बनाई है और उसी आधार पर डीपीआर तैयार की जा रही है। यह बड़े स्तर का प्रोजेक्ट बनकर तैयार होगा, जिस पर करोड़ों रुपये का खर्च आएगा।
इन क्षेत्रों में भरता है पानी
जनता भवन, पुराने पुल के पास, अनाजमंडी, शिव चौक, रोडी बाजार, हिसारिया बाजार, वाल्मिकी चौक से नागरिक अस्पताल रोड, बेगू रोड। इसके अतिरिक्त कीर्ति नगर, अग्रसेन कॉलोनी, राम कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, रानियां रोड एरिया, एफ ब्लॉक आदि एरिया।
पूर्व में 43 करोड़ में बरसाती लाइन बिछाने व बरसाती डिस्पोजल बनाने का हुआ है काम
शहर में बरसाती समस्या के स्थायी समाधान को लेकर 8 करोड़ की लागत से अमरूत योजना के तहत बस स्टैंड से लेकर नेशनल हाईवे स्थित रंगोई नाला तक पाइपलाइन बिछाई का काम किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बरसात के कारण शहर के करीब 12 कॉलोनी वासियों को इस परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं करीब 35 करोड़ के अन्य बजट से बरसाती लाइन व बरसाती डिस्पोजल बनाने का किया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत ऑटो मार्किट के कुछ एरिया में लाइन बिछाई गई थी। इसके अतिरिक्त एफ ब्लॉक से लेकर डबवाली रोड घग्गर नदी तक लाइन बिछाई गई है। दलबीर सिंह स्टेडियम के पास इस लाइन का बरसाती डिस्पोजल बनाया गया है। इस प्रोजेक्ट का लाभ एमसी कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, गुरुनानक नगर, खैरपुर कॉलोनी, एडीसी कॉलोनी, राम कॉलोनी, बरनाला रोड स्थित भगत सिंह कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, गोबिंद नगर, खन्ना कॉलोनी, फ्रैंड्स कॉलोनी, एमआईटीसी कॉलोनी एरिया को मिलता है।
क्यों जरूरी है यह प्रोजेक्ट
शहर में बरसाती लाइन बिछाना बेहद जरूरी है। क्योंकि बरसाती पानी की निकासी सीवरेज सिस्टम के माध्यम से होती है। जिस कारण सीवरेज सिस्टम ब्लॉक होता है। जन स्वास्थ्य अधिकारियों की माने तो सीवरेज सिस्टम केवल शौच की निकासी के हिसाब से बनाया गया है। इसमें बरसाती पानी को डालने का कोई प्रावधान नहीं होता है। लेकिन आज के समय में सीवरेज सिस्टम में बरसाती पानी की निकासी होती है। जिससे सीवरेज सिस्टम ब्लॉक होता है। इसका मुख्य कारण है कि बारिश के पानी में सड़कों की मिट्टी आती है जो सीवरेज लाइनों में जम जाती है। इसके जमने से सीवरेज ब्लॉक होते है। इसलिए बरसाती पानी की निकासी के लिए अलग से व्यवस्था होना जरूरी है।
पूरे शहर के बरसाती सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए मुख्यालय की टीम ने सर्वे किया हुआ है। सर्वे के अनुरूप मुख्यालय से ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार होगी और टेंडर भी मुख्यालय स्तर पर होगा। हमारी टीम ने सर्वे करवाना था। वह कार्य पूर्ण किया जा चुका है। यह प्रोजेक्ट फाइल होता है तो बरसाती पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
-प्रवीण कुमार, एक्सईएन, नगर परिषद