ओढां में एक कार चालक महिला को अचानक दौरा पड़ गय, महिला कार में अकेली ही थी। सूचना के बाद ओढां में कार बाजार का कार्य करने वाले संजय राजपूत नाम के युवक ने उसे अस्पताल पहुंचाकर उसके परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक का आभार व्यक्त किया।
सिरसा से डबवाली की ओर जा रही एक कार चालक महिला को ओढां में निरंकारी भवन के निकट अचानक चलती कार में दौरा पड़ गया। जिसके बाद महिला ने जैसे-तैसे कर कार को सड़क किनारे लगा लिया। लेकिन वह अचेत अवस्था में गाड़ी के स्टेरिंग पर ही गिर गई। इस दौरान काफी वाहन आते-जाते रहे, लेकिन किसी न इस ओर ध्यान नहीं दिया। इस घटना का जिक्र एक युवक ने कार बाजार का कार्य करने वाले नुहियांवाली निवासी संजय राजपूत से किया तो वह तुरंत मौके पर पहुंचा। महिला गाड़ी में अचेत अवस्था में थी और गाड़ी अंदर से लॉक थी। जिसके बाद संजय ने युवक की मदद से जैसे-तैसे कर गाड़ी का लॉक खोला तथा उसी गाड़ी में महिला को डालकर नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। संजय ने महिला के पास से मिले फोन के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर अस्पताल पहुंचे सिरसा निवासी परिजनों ने इस मदद के लिए संजय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर वे मदद न पहुंचाते तो कोई अनहोनी हो सकती थी। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन महिला को सिरसा ले गए। संजय ने कहा कि हमें आपातकालीन स्थिति में बिना किसी हिचकिचाहट या किसी पचड़े के डर से लोगों की मदद जरूर करनी चाहिए।