रोड़ी। गांव अलीकां निवासी महिला ने पड़ोसियों द्वारा परेशान करने, धमकियां देने व पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला बांसुरी देवी ने शिकायत में बताया कि 12 जून को घर में जब वह काम कर रही थी तो उसके पड़ोसी गुरतेज सिंह, अनूप सिंह व तीन अन्य महिलाओं ने उससे मारपीट की और गाली गलौच किया।
महिला ने बताया कि उसके घर की एक निजी गली है जिसको लेकर गुरतेज सिंह व उसका परिवार इसको रास्ता बनाना चाहते हैं जबकि उनके घर का दरवाजा मुख्य सड़क पर है। आरोप है कि उनके घर में बने बिटोड़ा को जब वह उखाड़ने लगे तो उन्होंने इसका विरोध किया। विरोध करने पर गुरतेज और उसके पिता अनूप सिंह सहित तीन अन्य महिलाओं ने उसकी बेटी, बहु और उससे मारपीट करते हुए घायल कर दिया था।
महिला का दावा है कि इस मामले में उसकी शिकायत पर रोड़ी पुलिस ने गुरतेज सिंह व अनूप सिंह सहित 3 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित महिला ने बताया कि उक्त लोग हर रोज धमकियां देते हैं कि हमारी राजनीतिक पहुंच है और हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने कहा कि हर समय उन्हें व उसके परिवार को खतरा बना रहता है और वह कभी भी मेरे परिवार का नुकसान कर सकते हैं। महिला बांसुरी देवी ने पुलिस से इस मामले में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।
वे डीएसपी साहब के साथ बैठक में व्यस्त हैं, उन्हें फिलहाल इस बारे में कुछ ध्यान नहीं है। इस मामले में कितना एफआईआर नंबर और क्या मामला है, इस बारे में वे बाद में बात करेंगे।
नरेंद्र पाल, थाना प्रभारी, रोड़ी।