शहर के एक कारोबारी ने एक महिला द्वारा बलात्कार का झूठा केस करवाने की धमकी से आहत होकर लघु सचिवालय में जाकर जहर खा लिया।
हालत बिगड़ने पर वहां तैनात सीआईडी व पुलिस कर्मचारियों ने उसे लिफ्ट से नीचे उतारकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां कारोबारी की मौत हो गई। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने उक्त महिला व उसके पति गोपाल सोनी सहित चार लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया गया है।
सूचना पर शहर थाना प्रभारी सुरेशपाल व हुडा चौकी पुलिस सामान्य अस्पताल में पहुंच गए थे। मृतक के भाई राकेश की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार कीर्ति नगर निवासी संजीव कुमार पुत्र बालकिशन मोहता मार्केट में रेडीमेठ कपड़ों का कारोबार करता है।
साथ ही फाइनेंस पर रुपये देने और कमेटी का काम भी करता था। आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी गोपाल सोनी ने संजीव कुमार से सात लाख छह हजार रुपये उधार ले रखे थे। इसके बदले गोपाल ने दो खाली चैक साइन करके संजीव को दिए हुए हैं। संजीव के दोस्तोें ने बताया कि संजीव काफी दिनों से गोपाल से रुपये वापस मांग रहा था
लघु सचिवालय में जाकर खाई सल्फास
बताया जा रहा है कि संजीव कुमार बृहस्पतिवार दोपहर लघु सचिवालय आया और तीसरी मंजिल में चला गया। वहां उसने सुसाइड नोट लिखा। करीब एक बजकर 40 मिनट पर उसने सुसाइड नोट लिखने के बाद सल्फास की गोलियां खा लीं। दोहपर दो बजे जब लंच हुआ तो एक कर्मचारी इमारत में पहुंचा तो संजीव को तड़पे हुए पाया।
यह देख उसने शोर मचा दिया। इस पर लघु सचिवालय की सुरक्षा में तैनात पुलिस व सीआईडी कर्मचारी ऊपर पहुंचे और लिफ्ट से संजीव को नीचे लेकर आए और एंबुलेंस से संजीव को सामान्य अस्पताल पहुुंचाया। अंदेशा जताया जा रहा है कि संजीव उपायुक्त के पास स्वयं के साथ हो रही नाइंसाफी की फरियाद लेकर आया था।
‘बच्चों को संभाल लेना मामा जी’
मृतक संजीव के पास मिले सुसाइड नोट में उसने अपने मामा से उसके दो बच्चों को संभालने की गुहार लगाई है। उसने लिखा है कि ‘कल जब मैंने उससे रुपये मांगे तो उसने अपनी पत्नी को आगे कर दिया। वो गाली गलौच करने लगी। उसने धमकी दी कि मैं थाने में जाकर बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज करवाऊंगी।
मैं संजीव कुमार दो बच्चों का पिता हूं और मेरे परिवार की इज्जत है। मामा जी पैसे तो बाद की बात है मैं कलंक बर्दाश्त नहीं सकता और अब मैं मरने के लिए जा रहा हूं। मामा बच्चों को संभाल लेना, आपका भांजा संजीव।
कार्रवाई जारी है
जांच अधिकारी एएसआई चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। आगे की कार्रवाई बयान व सुसाइड नोट के आधार पर होगी। मृतक के भाई राकेश की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।