घटना के समय पति दूध बेचने गया था और बच्चे सो रहे थे
पिता के बयान पर पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
डिंग मंडी। गांव कोटली में रविवार को एक 42 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति दूध बेचने के लिए बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान दर्ज कर पति, देवर व ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव कोटली की रहने वाली सुनीता पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। सोमवार को उसने कमरे की छत में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर रही। घटना के दौरान पति मंगतराम राम दूध बेचने गया हुआ था। दोनों बच्चे सो रहे थे।
पड़ोसी के दरवाजा खटखटाने पर बच्चे उठे तो उन्होंने मां को फंदे से लटका देखा। इसके बाद घरवालों ने शव को नीचे उतारा और सुबह करीब आठ बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
सुनीता की मौत की सूचना मिलने पर उसका पिता लीलू राम नागरिक अस्पताल पहुंचा। लीलू राम ने पुलिस को बयान दिया कि सुनीता को उसका पति मंगत राम, देवर हरकेश व ससुर दुर्गा राम परेशान करते थे।
उक्त तीनों ने सुनीता को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। इसी कारण उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, सुनीता एक बेटा व एक बेटी की मां थी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।