गांव सिकंदरपुर में तीन एकड़ जमीन कार्य पर निर्माण को लेकर गांव में दूसरे दिन भी तनाव का माहौल रहा। गांव की महिलाओं ने एकत्रित होकर सरदूलगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। करीब पांच मिनट रोड जाम करने के बाद प्रशासनिक अधिकारी डीएसपी राजेश चेची, एसडीएम जयवीर यादव तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
सिकंदरपुर गांव की पंचायती जमीन पर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। जिसमें करीब तीन एकड़ भूमि मार्केट कमेटी ने मंडी लगाने को लेकर पंचायत से जमीन ली थी, लेकिन कुछ अन्य लोगों ने उस जमीन पर तार बंदी कर अपने नाम का मीटर लगा लिया और गांव वालों की वहां पर पड़ी लकड़ियां भी उठवा दी। जिसको लेकर पंचायत व ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध किया। लेकिन प्रशासन के अधिकारी डीएसपी राजेश कुमार चेची और नायब तहसीलदार ने मामला शांत करवाया था कि वीरवार को फैसला कर दिया जाएगा। लेकिन दोपहर तक कोई अधिकारी गांव में ना आने के कारण गांव के लोग आक्रोशित हो गए और गांव की महिलाएं सड़क के बीच बैठकर जाम लगा दिया। प्रशासन को इस बारे में जानकारी मिली तो प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम जयवीर यादव, डीएसपी राजेश कुमार चेची, एसएचओ सदर थाना राजाराम तथा सिक्योरिटी इंचार्ज सत्यवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर घर भेज दिया। एसडीएम जयवीर यादव ने लोगों को बताया कि जांच चल रही है। जांच के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।