संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोड़ी। गांव कुरंगावाली में बुजुर्ग की हत्या के मामले में रोड़ी थाना पुलिस ने एक अन्य महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला सुखविंद्र कौर पत्नी जगपाल सिंह उर्फ शंभू निवासी गांव कुरंगावाली की रहने वाली है।
रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मृतक लीला गिर के बेटे हरदीप सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव निवासी शंभू ने उससे एक हजार रुपये उधार मांगे थे। पैसे देने से इन्कार करने पर वह रंजिश रखने लगा। शिकायत के अनुसार 4 मार्च की रात करीब साढ़े दस बजे शंभू अपने चार-पांच साथियों के साथ उनके घर में घुस आया।
उन्होंने आंगन में सो रहे उसके बुजुर्ग पिता पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपियों ने उसके भाई गुरदीप सिंह को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए बठिंडा रेफर किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने महिला आरोपी को रामगढ़िया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।