- महिला गांव चुघा खुर्द, जिला बठिंडा हाल बडिंग खेड़ा जिला श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब की है
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। थाना सदर डबवाली पुलिस ने लिफ्ट मांगने के बहाने लोगों को झांसे में लेकर उन्हें महिला विरुद्ध अपराध के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह की मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला गांव चुघा खुर्द, जिला बठिंडा हाल बडिंग खेड़ा जिला श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) की रहने वाली है।
प्रबंधक थाना सदर डबवाली उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि 17 मार्च 2025 को थाना सदर डबवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता निर्भय सिंह निवासी मसीतां ने शिकायत में बताया कि 3 मार्च 2025 की शाम वह अपनी स्कूटी पर लखुआना से अपने गांव मसीतां जा रहा था। रास्ते में एक औरत ने उससे लिफ्ट मांगी और बच्चे की बीमारी का बहाना बनाया।
निर्भय सिंह ने उस महिला को लिफ्ट दे दी तो कुछ दूरी पर अन्य युवकों ने उसकी स्कूटी रुकवा ली। उन्होंने कहा कि तुम हमें रुपये दे दो नहीं तो हम तुमको हमारी औरत के साथ छेड़खानी करने के झूठे मुकदमे में फंसवा देंगे।
प्रबंधक थाना ने बताया कि शिकायतकर्ता ने डर के मारे अपनी जेब से 14 हजार रुपये नकद दे दिए व बाद में 1 हजार रुपये आरोपियों के खाते में ऑनलाइन डाल दिए। इसके बाद आरोपियों ने 20 हजार रुपये की और मांग की। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर सदर थाना डबवाली में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने एक रेड पार्टी तैयार की और पीड़ित के साथ मिलकर 17 मार्च को 20,000 रुपये सहित आरोपियों की ओर से बताई गई जगह पब्लिक आयुर्वेदिक क्लिनिक मंडी डबवाली में पहुंची। इसी दौरान आरोपी कृष्ण कुमार उर्फ विक्की निवासी नरसिंह काॅलोनी डुमवाली को शिकायतकर्ता को 20 हजार रुपये की ब्लैकमेलिंग राशि लेते हुए काबू किया गया। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
मामले की जांच करते हुए उनकी टीम ने इस गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों राजू निवासी मण्डी डबवाली, हरविन्दर सिंह निवासी चक हीरा सिंह वाला बठिंडा व हरभगवान निवासी कोटगुरु बठिंडा को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी महिला एक वर्ष से वांछित चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। महिला आरोपी को न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।