कृषि विभाग ने रानियां और ऐलनाबाद खंड के सभी उर्वरक विक्र्रेताआें को बिक्री बिंदु डिवाइस मशीन का वितरण किया है। सिम कार्ड और इंटरनेट के कनेक्शन से चलने वाली इस मशीन में आधार कार्ड का नंबर दर्ज करने और अंगूठा लगाने पर ही खाद का वितरण करने के निर्देश दिए हैं।
कृर्षि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक डॉ. सुखदेव कंबोज ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को यह मशीन देने के साथ-साथ इसे चलाने का बकायदा पूरा प्रशिक्षण दिया है और शुक्रवार से ही इसके इस्तेमाल का निर्देश दिया है। कुरुक्षेत्र और करनाल जिला में इसकी सफलता को देखते हुए सरकार ने एक जून से प्रदेशभर में पीओएस मशीन द्वारा ही खाद वितरण निर्णय ले रखा है, मगर कृषि विभाग ने रानियां और ऐलनाबाद खंड में शुक्रवार से निर्देश लागू कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि इस डिवाइस की बाजार कीमत 25 हजार रुपये से भी अधिक है। सरकार उर्वरक विक्रेताओं को निशुल्क उपलब्ध करवाई रही है।
डॉ. सुखदेव कंबोज ने किसानों से अपील की है कि जिस किसी के पास भी आधार कार्ड नहीं है वे एक जून से पहले-पहले अपना आधार कार्ड बनवा लें ताकि खाद खरीदने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर एपीपीओ डॉ. सतबीर सिंह रंगा, राहुल चौहान, रविंद्र सिंह, उर्वरक विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश सिंगला भी उपस्थित रहे।