पिछले तीन दिनों से शीतलहर जारी है। कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पिछले तीन दिनों से पारा 10 से 11 डिग्री के बीच अटका हुआ है और ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार को भी अधिकतम पारा 11 डिग्री पार नहीं कर सका। आज दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। मौसम के जानकारों के अनुसार आने वाले कुछ दिन और कड़ाके की ठंड जारी रहेगी।
बुधवार को तीसरे दिन ठंड का कहर जारी रहा। लोगों ने यहां-वहां अलाव तापकर ठंड से राहत पाई। सोमवार को पारा 10 डिग्री पर आ गया था, इससे ठंड एक दम से काफी बढ़ गई। मंगलवार को 11.7 और बुधवार को 11 डिग्री रहा। सवेरे बच्चों को कोहरे के बीच स्कूल जाना पड़ा और अभिभावकों को परेशानी झेलनी पड़ी। वाहन चालकों को भी रफ्तार धीमी रखनी पड़ी। धुंध के कारण मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरा ऑटो हादसे का शिकार हो गया था। हादसे में 10 बच्चे घायल हो गए थे। कई स्कूल संचालकों ने अपने वाहन चालकों को वाहन सावधानी से चलाने की हिदायत दे रखी हैं, बच्चों को किसी प्रकार के जोखिम न डाला जाए।
कुछ स्कूलों ने अपना समय आधा घंटा देरी से कर दिया है। पिछले छह दिनों से चल रही सर्द हवाओं के कारण सर्दी बढ़ गई है जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। चार दिन से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए हैं। किसानों का मानना है कि ठंड के साथ-साथ अब बारिश की फसलों को सख्त जरूरत है। अगर मावठ (कम बरसात) होती है तो गेहूं और अन्य फसलों के लिए घी का काम करेगी।