इंडियन नेशनल लोकदल के प्रत्याशी संदीप लोट का नामांकन दाखिल करते अभय।
सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल के प्रत्याशी संदीप लोट ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व जनता भवन में जनसभा और रोड शो का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इस कार्यक्रम से पहले इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की।
अभय ने कहा कि उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक प्रदेश सरकार के दबाव में उनके एजेंट बनकर काम कर रहे हैं। वे चुनाव आयोग को एसपी और डीसी के खिलाफ पत्र लिखेंगे, क्योंकि निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए चुनाव आयोग की ही जिम्मेदारी होती है। अभय ने कहा कि यह अधिकार राजनीतिक दलों का होता है कि वह रैली के लिए किस स्थान का चयन करती है। इनेलो की ओर से अपने कार्यकर्ताओं में जनता भवन में सुबह 10 बजे का समय दिया गया था। मगर प्रशासनिक अधिकारियों ने जबरन इनेलो को सुबह 9 से 11 बजे तक अपना कार्यक्रम समाप्त करने के लिए दबाव बनाया गया, जो कि अनुचित है। उन्होंने कहा कि सिरसा व कुरुक्षेत्र में भाजपा की जमानत जब्त होगी। हरियाणा में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। इस अवसर पर इनेलो प्रत्याशी संदीप लोट व जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा भी मौजूद रहे।