संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में छात्र संगठन इनसो का 22वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर चौटाला हाउस में जजपा के प्रदेश के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने बैठक की। पत्रकार वार्ता में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इनसो के स्थापना दिवस पर हरियाणा के साथ-साथ पंजाब, राजस्थान, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल, गुजरात आदि प्रदेशों से भी छात्र संगठन पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि इनसो ने अपनी स्थापना से लेकर न केवल विद्यार्थियों के हितों की लड़ाई लड़ी है, बल्कि अपने सामाजिक सरोकारों को भी शिद्दत से निभाया है। पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के गरीब, कमेरे को शिक्षा, स्वास्थ्य आदि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुविधाएं देने के सपनों को इनसो ने साकार किया है। इनसो के 21 वर्ष की पृष्ठभूमि में नेत्रदान, रक्तदान, शरीरदान, पौधरोपण जैसे सामाजिक क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का भी विस्तृत उल्लेख किया। छात्र संघ के प्रत्यक्ष चुनावों को लेकर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यदि पंजाब यूनिवर्सिटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी व राजस्थान यूनिवर्सिटी में जब प्रत्यक्ष चुनाव करवाए जा सकते हैं तो हरियाणा में क्यों नहीं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से नशे की समस्या से काफी जूझ रहा है। इनसो पहले दिन से नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। इनसो का 22वां स्थापना दिवस आगामी विधानसभा चुनावों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसकी दशा व दिशा भी तय होगी। उन्होंने कहा कि चूंकि चुनावों में युवाओं की भूमिका अहम मानी गई है और इस समय उत्तर भारत में इनसो जैसा बड़ा सशक्त छात्र संगठन कहीं नहीं है। ऐसे में इन विधानसभा चुनावों में युवा अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
हरियाणा रोजगार कौशल निगम नहीं हितकारी : दिग्विजय चौटाला
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि वह शुरुआत से कहते आए है कि राज्य सरकार की ओर से बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए बनाए गए हरियाणा रोजगार कौशल निगम किसी भी प्रकार से हितकारी नहीं है। जिस प्रकार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से भी कम है। उनके बच्चे घरों पर बैठे हैं जबकि जिन परिवारों की आय 7 लाख रुपये से अधिक है। वह परिवार इस योजना के तहत रोजगार हासिल कर इस व्यवस्था को पलीता लगा रहे हैं। इस अवसर पर उनके साथ जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, जेजेपी बुद्धिजीवी के प्रदेश प्रभारी प्रो. रणधीर सिंह चीका, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रधान महासचिव राधेश्याम शर्मा, जिला कार्यालय प्रभारी हरिसिंह भारी, जिला प्रेस प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी, सुखमंदर सिहाग, जिला प्रेस प्रवक्ता नितिन टांडी, संदीप खैरेकां आदि मौजूद रहे।