रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर भरा हुआ पानी ।
डिंग मंडी। रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या ने यात्रियों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार को हुई बारिश के बाद सोमवार तक भी सड़क पर पानी जमा रहा। इससे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन का यह मुख्य मार्ग आस-पास के गांवों के यात्रियों के लिए एकमात्र सीधा रास्ता है, लेकिन सड़क पर भरे पानी के कारण लोग या तो कपड़े उठाकर चलने को मजबूर हुए या गंदे पानी में से होकर गुजरे। स्थिति यह थी कि दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाए रखने में परेशानी हुई और कुछ लोग फिसलते-पड़ते दिखे।
लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है। प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। न तो जलनिकासी की व्यवस्था है, न ही नालियों की सफाई नियमित रूप से होती है। दुकानदारों ने बताया कि हर बार बारिश होती है तो यही हाल होता है।
रेलवे स्टेशन आने-जाने में परेशानी तो होती ही है, साथ में बीमारियों का खतरा भी रहता है। हमने कई बार शिकायत की, लेकिन न तो ग्राम पंचायत और न ही रेलवे विभाग कोई कदम उठाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन मार्ग की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि बारिश के बाद पानी जमा न हो और लोगों को राहत मिल सके।