पूरे गांव में नहीं पहुंच रहा पानी, घरेलू कामकाज भी प्रभावित
पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे ग्रामीण, विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव नुहियांवाली में पिछले तीन दिनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। जलघर के बोरवेल की मोटर खराब होने के कारण पूरे गांव में पानी की आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों को पीने के पानी और घरेलू कार्यों में भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूसरे साधनों से पानी का प्रबंध करना पड़ रहा है। जिन परिवारों के पास पानी का पर्याप्त भंडारण नहीं है, उनकी समस्या और बढ़ गई है। जगदीश कुमार, सुगना राम, बलवीर, रामस्वरूप, रामकुमार और लालचंद जैसे ग्रामीणों ने अपनी परेशानी बताई।
उन्होंने कहा कि नहरी बंदी के बाद टैंकों में पानी कम होने से बोरवेल से आपूर्ति की जा रही थी लेकिन तीन दिन पहले बोरवेल की मोटर खराब हो गई, जिससे पूरे गांव में पानी की किल्लत उत्पन्न हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को समस्या की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए। पेयजल आपूर्ति का लंबे समय तक बाधित रहना उनके लिए एक बड़ी समस्या बन गया है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से खराब मोटर को प्राथमिकता पर ठीक कराने या नई मोटर लगाने की मांग की है, ताकि गांव में जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके।
ग्रामीणों की परेशानी
पानी की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है। पीने के पानी के साथ-साथ रसोई और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
कोट्स
मोटर खराब होने के चलते समस्या आई है। टैंकों में पानी कम होने से बोरवेल साथ में चलाया जा रहा है ताकि पूरे गांव में पर्याप्त आपूर्ति दी जा सके। गांव की आपूर्ति ज्यादा है। मोटर ठीक करवा दी गई है। जल्द आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
-कुलदीप सिंह, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग।