औढ़ा। रोष व्यक्त करते किसान। (किसान)
ओढां। गांव खाईशेरगढ़ में माइनर में पानी न आने के चलते किसानों ने एकत्रित होकर विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि इस बारे उन्होंने कई बार अधिकारियों को अवगत करवा दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। किसानों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्या का शीघ्र ही समाधान नहीं किया गया तो वे धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
किसान जोगिंद्र सिंह, रामलाल व आत्माराम आदि ने बताया कि पिछले छह दिनों से गांव खारियां-भूना मुख्य ब्रांच में पानी चल रहा है, लेकिन टेल पर पड़ने वाली खाईशेरगढ़ माइनर में अभी तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं आ रहा। इसके चलते उनकी रबी की बिजाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस मौसम में किसानों को पानी की बेहद आवश्यकता है।
माइनर में पानी न होने के चलते उन्हें मजबूरन या तो बिजाई रोकनी पड़ रही है या फिर ट्यूबवेलों के पानी के सहारे बिजाई करनी पड़ रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कहा कि टेल पर पड़ने वाले किसानों को उनकी एक अनदेखी की वजह से पानी से वंचित रहना पड़ रहा है। अधिकारी किसानों की समस्या पर कोई रुचि नहीं दिखा रहे।
सफाई की वजह से टेल पर पानी नहीं पहुंच पा रहा। जुलाई के बाद माइनर की सफाई नहीं हुई है। इसका कारण यह है कि एक तो मजदूर नहीं मिले और दूसरा सरकार ने मनरेगा के तहत सफाई भी बंद कर रखी है। हमने उच्चाधिकारियों को इस समस्या बारे अवगत करवा दिया है।
- महावीर, जेई, सिंचाई विभाग।