संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। वार्ड नंबर-5 की वार्ड सभा का आयोजन वीरवार को ताऊ देवीलाल पार्क में पार्षद संदीप घोड़ेला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सभा में वार्डवासियों ने क्षेत्र से जुड़ीं विभिन्न समस्याओं पर अपने विचार रखे।
सभा में पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्क विकास तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्डवासियों ने विकास कार्यों को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।
पार्षद संदीप घोड़ेला ने राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। घोड़ेला ने वार्डवासियों से अपील की कि वे भविष्य में भी ऐसी सभाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सामूहिक सहयोग और सुझावों से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिल सकती है। सभा का समापन आपसी सहमति और सकारात्मक संवाद के साथ हुआ।