मीडिया को जानकारी देतीं एसपी निकिता खट्टर।
डबवाली। सीआईए कालांवाली पुलिस ने 20 हजार रुपये इनामी कुख्यात बदमाशों गांव मीरपुर निवासी गोकुल उर्फ गोलू व गांव नेजाडेला कलां निवासी अनिल उर्फ गोरू को दो अवैध पिस्तौल व चार कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों गैंगस्टर रोहतक निवासी दीपक नांदल के कहने पर संगठित अपराधों को अंजाम देते हैं। गैंगस्टर दीपक नांदल देश से बाहर है।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने बताया कि 23 नवंबर को सीआईए कालांवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ ओढां क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात बदमाश गोकुल उर्फ गोलू व अनिल उर्फ गोरू बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कालांवाली से होते हुए पंजाब जाने वाले हैं। दोनों के पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना के आधार पर सीआईए कालांवाली दोनों की तलाश शुरू कर दी। गांव तारु आना के पास पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को देखा। पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने बाइक कच्चे रास्ते पर मोड़ ली। पुलिस ने पीछा करते हुए उक्त दोनों युवकों को काबू कर लिया। एसपी ने बताया कि तलाशी लेने पर दोनों के पास से 32 बोर के दो अवैध पिस्तौल व चार कारतूस मिले। दोनों के ऊपर हरियाणा एसटीएफ की ओर से 20-20 हजार इनाम घोषित किया गया था।
-
अनिल पर पांच व गोकुल पर दर्ज हैं सात केस
एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि आरोपी अनिल पर सिरसा, गुरुग्राम और करनाल में लूट, हथियार, फायरिंग और संगठित अपराध से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं, इनमें से कई मामलों में वह फरार चल रहा था। वहीं आरोपी गोकुल उर्फ गोलू पर भी लूट, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े सात केस दर्ज हैं। गोकुल पर आरोप है कि वह दीपक नांदल के कहने पर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया, एमएनआर बिल्डर्स ऑफिस और सागा म्यूजिक करनाल ऑफिस पर हुई फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहा है।