सिरसा। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सार्वजनिक सुविधाओं के अभाव में परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर परिषद की ओर से लाखों रुपये खर्च कर तैयार करवाए गए तीन सार्वजनिक शौचालय निर्माण पूरा होने के करीब दो सप्ताह बाद भी आमजन के लिए नहीं खोले गए हैं।
शौचालयों पर ताले लगे होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है। लोगों के अनुसार शौचालयों का निर्माण पूरा होने के बावजूद इन्हें शुरू करने के लिए मुहूर्त का इंतजार किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सुविधा तैयार होने के बाद देरी का कोई औचित्य नहीं है। महिलाओं और बच्चों को इसकी अधिक जरूरत रहती है।
सूत्रों के अनुसार संबंधित ठेकेदार दो सप्ताह पहले शौचालयों का निर्माण पूरा कर इन्हें नगर परिषद को सौंप चुका है। इसके बावजूद संचालन शुरू नहीं हुआ है। हाउसिंग बोर्ड मार्केट, डाकघर और अरोड़ वंश चौक के पास शौचालय बनकर तैयार हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण पूरा होने के बाद भी शौचालयों को शुरू करने में देरी समझ से परे है। रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय जैसी सुविधा जरूरी है। सुविधा तैयार होने के बावजूद बंद रहने से लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।