संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डबवाली के मोरीवाला और सकता खेड़ा गांवों में पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जन स्वास्थ्य विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। 2 करोड़ 26 लाख 70 हजार रुपये की लागत से इन गांवों में पेयजल लाइन डाली जाएगी व जलघर का निर्माण भी किया जाएगा।
यह परियोजना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, जिससे गांववासियों को सुगम और स्वच्छ पेयजल मिल सके। यह कदम ग्रामीणों के जीवनस्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
जन स्वास्थ्य विभाग ने दोनों गांवों के लिए टेंडर जारी किया है, जो 11 अक्तूबर को आचार संहिता हटने के बाद लगाया गया। इस टेंडर के अंतर्गत किए जाने वाले कार्य की 5 साल की वारंटी और 1 साल की डिफेक्ट लायबिलिटी होगी। इससे सुनिश्चित होगा कि परियोजना के दौरान या बाद में किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान किया जा सके।
दोनों में ये कार्य हाेंगे
पंपिंग मशीनरी को अपग्रेड करना
पेयजल लाइन बिछाना
घर के लिए पेयजल कनेक्शन
वाटर वर्क्स की मरम्मत
31 अक्तूबर को खोला जाएगा टेंडर
यह टेंडर 11 अक्तूबर को जारी किया गया है और इसे 31 अक्तूबर को खोला जाएगा। कार्य को पूरा करने के लिए 15 महीने और 5 दिन का समय दिया गया है। इस टेंडर की लागत 226.70 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
मोरीवाला और सकता खेड़ा के जलघरों का नवनिर्माण किया जाएगा। गांवों में पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। लोगों को पेयजल सुविधा दी जाएगी। इसी को लेकर टेंडर लगाया गया है। - भानूप्रकाश, जन स्वास्थ्य विभाग, सिरसा