पुलिस अधिक्षक कार्यालय पहुंचे ग्रामीण।
- फोटो : Sirsa
बुधवार को साहुवाला प्रथम के ग्रामीण युवक राकेश की हत्या करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी से मिले। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक अरुण नेहरा के समक्ष गुहार लगाई कि आरोपियों की गिरफ्तारी करके उन्हें न्याय दिलाया जाए।
24 जुलाई 2019 को शिकायतकर्ता राय सिंह के भाई राकेश कुमार को गांव शेखुपुरिया के रोहताश तथा पांच से छह अन्य लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई राय सिंह ने बताया कि उसके 23 वर्षीय भाई राकेश की आनंदगढ़ निवासी युवती के साथ बातचीत थी। दोनों का प्रेम प्रसंग दो तीन साल से चल रहा था। राय सिंह ने बताया कि युवती उस समय शेखुपुरिया में अपनी रिश्तेदारी में आई हुई थी। बीती 23 जुलाई को राकेश ने घर पर बताया कि वह सिरसा किसी काम से जा रहा है। इतना कहकर वह घर से निकल गया। राय सिंह ने बताया कि करीब शाम चार बजे साहुवाला के महावीर के पास फोन आया कि राकेश को शेखुपुरिया के कुछ लोग मार रहे हैं। जब मौके पर मृतक का भाई राय सिंह पहुंचा तो उसने देखा कि उसके भाई को एंबुलेंस में डालकर सिरसा लेकर जाया जा रहा है। सिरसा सिविल अस्पताल में पहुंचने के बाद उसके भाई राकेश कुमार को ट्रामा सेंटर में दाखिल कर दिया था और उसके मुंह से झाग आ रही थी। राय सिंह ने बताया कि मरने से पहले उसके भाई ने कहा था कि रोहताश ने उसको शेखुपुरिया में अपने घर पर बुलाकर काबूू कर लिया और पांच से छह लोगों ने मिलकर उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डाल दिया। राय सिंह की शिकायत पर पुलिस ने रोहताश तथा पांच से छह अन्य लोगों के खिलाफ मामल दर्ज करवाया। राय सिंह ने कहा कि मामला दर्ज होने के बाद भी अभी तक दोषियों को पुलिस ने पूछताछ तक के लिए भी नहीं बुलाया है। उक्त लोग उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। साहुवाला से पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई कि राय सिंह को इंसाफ दिया जाए और परिवार की सुरक्षा देखते हुए सुरक्षा भी उपलब्ध करवाई जाए।