रानियां। नगर पालिका के दोनों पार्कों में पांच वर्ष पूर्व करवाए गए विकास कार्य, स्ट्रीट लाइट व डिवाइडर के निर्माण में हुए गड़बड़झाले की जांच के लिए स्टेट विजिलेंस की टीम रानियां पहुंची। डीएसपी कैलाश के नेतृत्व में टीम में एसडीओ विजिलेंस विजेंद्र शर्मा, एएसआई राजकुमार व नवदीप सिंह शामिल रहे।
टीम ने बस अड्डा के समीप शहीद ऊधम सिंह पार्क का निरीक्षण किया और उसमें करवाए विकास कार्यों की समीक्षा की। टीम ने विकास कार्यों से संबंधित रिकाॅर्ड की जांच कर रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद टीम ने स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए बनाए गए पोल व डिवाइडर का भी निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट तैयार की। अधिकारियों ने बताया कि उनकी पास इन विकास कार्यों में हुए गड़बड़बड़झाले की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। जांच लगभग पूरा हो चुकी है। अब फाइनल रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस दौरान पूर्व सीएम एमिनेंट बलवान जांगड़ा, शिकायतकर्ता सोनू सरदाना व दर्पण सामा भी उपस्थित रहे।