पिछले कई दिनों से पुलिस प्रशासन को झूठी सूचनाएं देकर उन्हें गुमराह कर कई पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों को ठगी का शिकार कर चुके एक जालसाज को जिला की सीआईए डबवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिला के पुलिस अधीक्षक उपपुलिस महानिरीक्षक डॉ. अरूण सिंह को गुप्त सुचना मिल रही थी कि कोई व्यक्ति पुलिस प्रशासन को झूठी सूचनाएं देकर गुमराह कर उन्हें ठग रहा है जिस पर उन्होंने विशेष टीमें गठित की। सीआईए स्टाफ डबवाली और साइबर सेल इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डबवाली के डीएसपी कुलदीप सिंह बैनीवाल ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बंटी उर्फ हरीचंद निवासी पंडिता वाली झुग्गियां तहसील जलालाबाद जिला फाजिल्का पंजाब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में कई लोगों से ठगी करने की बातें सामने आई हैं। काबू किए गए जालसाज ने कई पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों को भी गुमराह कर उनके साथ पैसों की ठगी की है।
डीएसपी डबवाली ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बंटी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी ने किसी दूसरे की आईडी पर सिम खरीद रखी थी, जिसे वह प्रयोग करता था। पूछताछ के दौरान ठगी की कई अन्य वारदातों और उसके अन्य साथियों के बारे में खुलासा होने की संभावना हैं। काबू किए गए आरोपी के खिलाफ विभिन्न अपराधिक धाराओं के तहत शहर थाना डबवाली में अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी।