मुख्यमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन की प्रति दिखाते विहिप पदाधिकारी व सदस्य।
चरखी दादरी। विश्व हिंदू परिषद की जिला कार्यकारिणी सहित कई संगठनों से जुड़े लोगों ने बुधवार को जिला अध्यक्ष रोशनी शर्मा की अगुवाई में जिला उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान महेश के हत्यारों को सजा दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि विहिप पिछले 64 वर्षों से देश धर्म और संस्कृति के लिए कार्य कर रहा है। हरियाणा में पिछले वर्ष कट्टरपंथियों ने कई स्थानों पर गोरक्षकों को प्रताड़ित किया है। इनमें मेवात ब्रज मंडल धार्मिक यात्रा प्रत्यक्ष उदाहरण है। इसी यात्रा में प्रमुख गोरक्षक और धर्मप्रेमी बिट्टू बजरंगी को ब्रजमंडल धार्मिक यात्रा के बाद से ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
इसी कारण 14 दिसंबर को फरीदाबाद सब्जी मंडी में गाड़ी सवार अरमान और उसके छह साथियों ने पेट्रोल छिड़क कर बिट्टू बजरंगी के छोटे भाई महेश पांचाल पर आग लगा दी। इसलिए उसने नाले में छलांग लगाकर जान बचाई और अपने भाई बिट्टू के पास आ गया।
बिट्टू ने उसे फरीदाबाद के बीके सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और वहां से उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया। आठ जनवरी को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान महेश की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे हिंदू समाज के लिए चिंताजनक है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने महेश के हत्यारों को गिरफ्तार कर सजा दिलाने, महेश की पत्नी और इकलौती बेटी को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि समेत पूरे परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की।