सिरसा। हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या प्रकरण के दोषियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर उन्हें गिरफ्तार करने और निष्पक्ष जांच करवाने के लिए जिलेभर के अनुसूचित जाति से संंबंधित संगठनों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। अधिकारियों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन की कॉपी महामहिम राज्यपाल पंजाब सरकार, पंजाब राज भवन चंडीगढ़, मुख्य मंत्री, पंजाब सरकार, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली को भी प्रेषित की गई है। अखिल भारतीय चमार समाज महासभा सिरसा, बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर सभा सिरसा, संत शिरोमणि गुरु रविदास सभा, डाॅ. भीमराव आंबेडकर कल्याण संघ रानियां, भीम आर्मी सिरसा, जनता अधिकार मोर्चा, भारत मुक्ति मोर्चा, हजरस, वाल्मीकि सभा, ऑल इंडिया मजहबी सिख वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसमें हिस्सा लिया।
पदाधिकारियों ने कहा कि सात अक्तूबर को आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की ओर से चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास में संस्थागत हत्या होने की घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र और पूरे अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति व पिछड़ी वर्ग के साथ साथ अल्पसंख्यक समाज को बहुत ही गंभीर रूप से व्यथित किया है।
यह मामला न केवल हरियाणा राज्य, बल्कि पूरे देश की प्रतिष्ठा एवं सांविधानिक मूल्यों से जुड़ा है। इसलिए यह अत्यावश्यक है कि इस संवेदनशील मामले में त्वरित, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच की जाए, ताकि सत्य उजागर हो और न्याय सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर हंसराज, अजय पातलान, मोहनलाल, रामदास, भूषण बरोड़, रविंद्र बाल्याण, करनैल सिंह, सतपाल गौड़ आदि मौजूद रहे।