सिरसा। सदर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को काबू करने में सफलता हासिल की है। सदर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह पुत्र हरनाम सिंह निवासी वार्ड 8 रानियां व बूटा सिंह निवासी वार्ड 9 रानियां जिला सिरसा के रूप में हुई है।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि कोटली निवासी राजकुमार की शिकायत पर सदर थाना सिरसा में 18 नवंबर को मोटरसाइकिल चोरी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी। उन्होंने बताया कि सदर थाना की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रानियां क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चुराई गई बाइक भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में आरोपियों ने रानियां क्षेत्र में बाइक चोरी की एक अन्य वारदात भी स्वीकार की है। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं तथा उसी की पूर्ति के लिए ही बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।