फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: धक्का-मुक्की के बावजूद नहीं मिल सकी डीएपी

Sun, 28 Sep 2025 02:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
ओढ़ां के इफको बाजार में एकत्रित किसान और मौजूद पुलिस।
विज्ञापन
ओढ़ां। रबी फसल की बिजाई शुरू होने वाली है। ऐसे में डीएपी खरीदने के लिए किसानों को जूझना पड़ रहा है। गांव ओढ़ां में इफको बाजार पर शनिवार सुबह डीएपी आने पर सैकड़ों किसान एकत्रित हो गए। इस दौरान किसानों ने खूब हंगामा किया और धक्का-मुक्की होने लगी।
विज्ञापन

अव्यवस्था फैलने पर विपणन अधिकारी ने पुलिस बुला ली। पुलिस को किसानों को समझाने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन किसान नहीं माने। इसके बाद खाद वितरण सोमवार तक के लिए रोक दिया गया।

गांव ओढ़ां के इफको बाजार में शनिवार सुबह 660 बैग डीएपी खाद आई थी। इस कारण अलसुबह से ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए। वितरण शुरू होने से पहले ही किसानों के बीच पहले खाद लेने के लिए हंगामा किया और उनकी आपस में धक्का-मुक्की हो गई।
विज्ञापन

व्यवस्था बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया, लेकिन किसान नहीं माने तो खाद का वितरण रुकवा दिया गया। किसान गुरचेत सिंह, विकास, प्रीतम सिंह, ओमप्रकाश, बिट्टू सिंह, भीम सिंह, विक्रम, गुरबचन सिंह आदि ने बताया कि करीब 70 किसान अलसुबह से ही खाद लेने के लिए लाइन में लगे थे। जो किसान बाद में आए और जिन किसानों के पास पंजीकरण नहीं था वे बेवजह हंगामा करने लगे।
किसानों ने कहा कि विपणन अधिकारी एक पंजीकरण पर आधार दिखाकर मात्र चार बैग खाद देने की बात कह रहे हैं लेकिन बड़े खेतिहर किसानों के लिए चार बैग खाद नाकाफी है। किसानों ने खाद की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की।
विपणन अधिकारी गजेंद्र चौहान ने बताया कि करीब 20 दिन बाद दूसरी बार 660 बैग डीएपी खाद आई है। पिछली बार भी वितरण में काफी परेशानी हुई थी। जिसके चलते इस बार पंजीकरण के हिसाब से खाद वितरण किया जाना था, लेकिन इससे पूर्व ही किसानों के बीच हंगामा हो गया और स्थिति बिगड़ गई। खाद का वितरण सोमवार को होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें