सिरसा। शहर की वैध कॉलोनियों में चल रही जांच के दायरे में आई यूसीएस 7 की जांच पूरी हो चुकी है। एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट फाइनल हो चुकी है। रिकॉर्ड और हकीकत में बड़ा अंतर सामने आया है। बुधवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तीन कॉलोनियों की रिपोर्ट के बाद उपायुक्त क्या कार्रवाई करते हैं या फिर रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय भेजी जाएगी। तीनों कॉलोनियों की रिपोर्ट में गलियों के निर्माण में बड़े स्तर पर अनियमितताएं बरती गई हैं जिसके कारण विभागीय स्तर पर लाखों रुपये की गड़बड़ी सामने आई है।
इस मामले में किन अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और किन्हें राहत मिलेगी इसे लेकर अधिकारी इंतजार कर रहे हैं। जांच के दौरान यह अहम तथ्य सामने आया है कि मौके पर गलियों का कुल क्षेत्र करीब 57 हजार वर्गफीट ही मिला है।
जांच टीम ने विभागीय रिकॉर्ड, मेजरमेंट बुक (एमबी), बिलों और अन्य तकनीकी दस्तावेज से मिलान किया तो पाया कि रिकॉर्ड में करीब 1 लाख 12 हजार वर्गफीट क्षेत्र की गलियों के निर्माण का भुगतान किया गया है। जेई और ठेकेदार टेंडर के मुताबिक स्पष्ट रूप से गलियों के निर्माण कार्य नहीं दिखा सके। आरोप थे कि रिकॉर्ड में जितना काम दिखाकर भुगतान किया गया, मौके पर उतना काम मौजूद नहीं है।