आईटीआई कॉलेज के बाहर दो छात्र गुटों के बीच जमकर तलवारें चली। गनीमत यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। युवकों के हाथों में तेजधार तलवार देखकर आईटीआई रोड पर खड़े लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ युवकों को जान बचाने के लिए सब्जी मंडी की दुकानों में घुसना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर सब्जी मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों गुट के छात्र भाग खड़े हुए। जानकारी के अनुसार गत दिवस आईटीआई कॉलेज के दो छात्र गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। एक गुट के आठ-दस युवा तेजधार हथियारों से लैस होकर आईटीआई कॉलेज के बाहर खड़े हो गए। दूसरे गुट को इसकी भनक लगी तो दोपहर करीब साढ़े 12 बजे काफी युवक हाथों में तेजधार हथियार लहराते हुए वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों गुटों में झगड़ा शुरू हो गया। दुकानदारों ने दुकान का शटर बंद कर लिया। दुकानदारों ने घटना की सूचना सब्जी मंडी चौकी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंची। पुलिस दुकानों के बाहर व आईटीआई रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अजय के शिकायत पर कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।