सीआईए सिरसा पुलिस ने गश्त के दौरान गांव उमेदपुरा क्षेत्र से बोलेरो गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों को एक किलो अफीम व पांच किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान विनोद कुमार निवासी चक 9 के एनएन रतनपुरा जिला हनुमानगढ़ व हिम्मत सिंह उर्फ मीतू वासी चक 12 केएनएन रतनपुरा जिला हनुमानगढ़ राजस्थान के रुप में हुई है।
सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने गश्त के दौरान उमेदपुरा क्षेत्र में सूचना के आधार पर बोलेरो में सवार दो नशा तस्करों से एक किलो अफीम व पांच किलो डोडा पोस्त बरामद किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों से सप्लायर के बारे नाम पता मालूम कर तीन लोगों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।