सिरसा। गिरफ्तार किए गए आरोपी। पुलिस
सिरसा। सीआईए पुलिस की ओर से दो किलो 696 ग्राम अफ़ीम सप्लाई मामले में बेतिया जिला पश्चिम चंपारण, बिहार निवासी राजेश कुमार व गोपाल प्रसाद को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को नेपाल से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और बिहार तक फैला हुआ है और नशे के कारोबार को हवाला चैनल के जरिये संचालित करते थे।
पुलिस ने दोनों राजेश और गोपाल प्रसाद को अदालत में पेश किया और अदालत के आदेशों पर जेल भेज दिया। सीआईए सिरसा प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि 16 अगस्त को सीआईए स्टाफ सिरसा को गुप्त सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति अफीम की भारी खेप लेकर सिरसा की ओर आ रहे हैं। सूचना की पुष्टि पर डिंग मोड़ पर पुलिस ने नाकाबंदी की।
इस दौरान एक संदिग्ध गाड़ी के डैशबोर्ड से दो किलो 696 ग्राम अफ़ीम बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार व राजेश कुमार ने खुलासा किया कि उन्हें यह अफीम गांव धनाना, भिवानी निवासी सुनील उर्फ बच्ची से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित कुमार, राजेश कुमार, सुनील, जय सिंह, पवन व नारायण को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से हवाला के जरिये पैसों के लेन-देन में प्रयोग किए गए दस्तावेज, मोबाइल फोन, गाड़ियां, एक रुपये का नंबरी नोट और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस दोनों आरोपियों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।