सिरसा। शनिवार रात को बाजेकां और घग्गर पुल गांव खैरेकां पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो सगे भाइयों को 264 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना सिंह व लखविंदर सिंह निवासी मंशीया बस्ती, शहर जीरा, पंजाब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक सुमित कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम नाकाबंदी के दौरान बाजेकां रोड सिरसा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर उक्त पिकअप की रोक कर तलाशी ली तो 106 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक से शराब संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह दिखा नहीं पाया। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि वहीं एक अन्य घटना में सीआईए पुलिस टीम सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में घग्गर पुल गांव खैरेकां सिरसा क्षेत्र में मौजूद थी। चेकिंग के दौरान डबवाली की तरफ से एक बोलेरो कैंपर आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा कर उसे रुकवा लिया। जब गाड़ी की जांच की तो उसमें 158 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब संबंधी दस्तावेज मांगे तो चालक पेश नहीं कर पाया।
सीआईए प्रभारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों सगे भाई हैं और शराब तस्करी का काम करते हैं।