- स्कूलों ने नहीं भरा यू-डाइज फार्म, ई-मेल, कॉल व कारण बताओ नोटिस का भी नहीं दिया जवाब
- अब शिक्षा विभाग ने कार्रवाई के लिए निदेशालय को भेजा पत्र
फोटो :
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के तीन निजी स्कूलों की मनमानी करने पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा निदेशालय को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है। सिरसा ब्लॉक के आदित्य हाई स्कूल, एसएमबी गीता हाई स्कूल व डबवाली के सेंट जोसेफ हाई स्कूल ने अब तक यू-डाइज फार्म नहीं भरा है। ई-मेल, कॉल व कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद भी कोई जबाव नहीं दिया। ऐसे में अब इन स्कूलों पर गाज गिरना लगभग तय है।
जिले के निजी स्कूलों को हर साल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर यू-डाइज का फार्म भरना जरूरी होता है। जिले में कुल 1167 स्कूल है। शिक्षा विभाग ने नौ मई को सभी निजी व राजकीय विद्यालयों को पत्र जारी कर 15 जुलाई तक स्कूलों की पूरी जानकारी देने के लिए कहा गया।इसमें से 1164 स्कूलों ने यू डाइज का फार्म भर दिया है, लेकिन आदित्य हाई स्कूल, एसएमबी गीता हाई स्कूल व डबवाली के सेंट जोसेफ हाई स्कूल ने फार्म नहीं भरा। इसके बाद विभाग ने एक बार फिर पत्र जारी कर 19 जुलाई तक विद्यालयों से जानकारी देने व स्पष्टीकरण मांगा गया। इन स्कूलों ने इसको गहनता न लेते हुए न तो यू-डाइज फार्म भरा और न ही स्पष्टीकरण दिया। विभाग ने एक बार फिर 24 जुलाई को तीन स्कूलों को पत्र जारी किया। इसमें 25 जुलाई सुबह 11 बजे तक पूरी जानकारी देने व फार्म न भरने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन स्कूलों ने कोई जानकारी नहीं दी। अब 27 जुलाई को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों पर कार्रवाई के लिए निदेशालय को पत्र लिखा।
कार्यालय में बुलाने पर नहीं आए स्कूल प्रबंधक
जिला प्रोग्रामर नीरज मक्कड़ ने बताया कि सिरसा ब्लॉक के आदित्य हाई स्कूल, एसएमबी गीता हाई स्कूल व डबवाली के सेंट जोसेफ हाई स्कूल प्रबंधक को बार-बार जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बूटा राम ने शिक्षा विभाग कार्यालय बुलाया। इसके बाद भी स्कूल प्रबंधक विभाग कार्यालय में नहीं आए। मोबाइल फोन, ई-मेल व व्हाट्सएप पर भी स्कूल प्रबंधकों से संपर्क किया गया। स्कूल प्रबंधकों ने अनदेखी करते हुए अपनी मनमानी की। इसको देखते हुए अधिकारी ने स्कूलों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
वर्जन
सिरसा ब्लॉक के आदित्य हाई स्कूल, एसएमबी गीता हाई स्कूल व डबवाली के सेंट जोसेफ हाई स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर शिक्षा निदेशालय को पत्र जारी किया है। स्कूलों द्वारा बार - बार मनमानी करने व शिक्षा विभाग के पत्राचार का जवाब न देने को लेकर पत्र लिख कर कार्रवाई की मांग की गई है। स्कूलों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। - आत्मप्रकाश मेहरा, जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा।