सिरसा में हादसे में दो युवकों की मौत।
- फोटो : संवाद
सिरसा में नेशनल हाईवे पर सैर करने के बाद घर लौट दो युवकों की भावदीन टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। पास के खेत निवासी एक व्यक्ति ने मामले की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुके थे। युवकों की पहचान भावदीन निवासी दिलप्रीत और मोहित फुटेला के रूप में हुई है। दोनों की युवक परिवार की इकलौती संतान थी। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल बना है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक आपस में दोस्त थे और सुबह पांच बजे ही नेशनल हाईवे पर सैर करने के लिए निकलते थे। टोल प्लाजा पर स्थित ढाबे से चाय पीने के बाद वह वापस घर जा रहे थे। ऐसे में पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन लवप्रीत के उपर से ही गुजर गया जबकि मोहित फुटेल के सिर पर गंभीर चोट लगी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद गांव वासी मौके पर एकत्र हुए और एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अब पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
घटना के बाद गांव में छाया मातम
दोनों युवक ही परिवार में इकलौती संतान थी। मामले की सूचना मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। दिलप्रीत की आयु करीब 20 वर्ष है जबकि मोहित फुटेल की आयु करीब 18 वर्ष की बताई जा रही है। वहीं दिलप्रीत के चाचा ने बताया कि सुबह छह बजे उसकी दिलप्रीत से बातचीत हुई थी और दिलप्रीत सैर करने के बाद वापस लौट रहा था। दो मिनट बाद उसने कॉल की तो दिलप्रीत ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद उन्हें घटना होने की जानकारी मिली।