डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपी।
- फोटो : Sirsa
लॉकडाउन के दौरान बाहर से आने वाले वाहनों पर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही गहन छानबीन के दौरान शनिवार को रानियां पुलिस ने दो तस्करों को नशीले पदार्थों की तस्करी करते दबोच लिया है। आरोपियों की पहचान दिलबाग सिंह और बग्गा सिंह निवासी जीवननगर के तौर पर हुई।
पकड़े गए लोग मध्यप्रदेश से प्याज का ट्राला भरकर हरियाणा में सप्लाई करने आए थे। लेकिन रास्ते में राजस्थान के हनुमानगढ़ बाईपास से 10 किलोग्राम डोडा पोस्त लेकर उसे प्याज की बोरियों के बीच में छिपा लिया। वे इस डोडा पोस्त को सप्लाई करने की फिराक में थे। इस दौरान जीवननगर के नजदीक तैनात पुलिस टीम ने ट्राला को रोककर इसकी तलाशी ली और डोडा पोस्त बरामद कर लिया। इस बारे में थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि उनकी एक टीम जीवन नगर चौकी इलाका में गश्त कर रही थी इस दौरान ऐलनाबाद की ओर से एक ट्राला जिसमें लगभग 2000 थैले प्याज के भरे हुए थे इनके बीच में 10 किलोग्राम डोडापोस्त छुपाकर सप्लाई करने आ रहे थे। सहायक उपनिरीक्षक जगदीश की टीम ने गहन छानबीन करते हुए बरामद किया है। पकड़े गए लोगों ने बताया कि नशे की तस्करी करने के लिए हनुमानगढ़ राजस्थान से डोडा पोस्ट खरीद कर प्याज से भरे ट्राले में छुपा कर लेकर आ रहे थे जो कि रास्ते में पकड़े गए। पुलिस ने पकड़े गए लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।