जिला की थाना शहर डबवाली पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान महत्वपूर्ण सुचना के आधार पर अलीकां रोड मंडी डबवाली क्षेत्र से स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को छह लाख रुपये की नकदी और 1 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त के साथ काबू किया है। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राम चंद्र व बनवारी लाल वासियान वार्ड नंबर सात प्रेम नगर मंडी डबवाली के रुप में हुई है। थाना शहर डबवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि थाना शहर डबवाली के सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम अलीकां रोड मंडी डबवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रहे स्कूटी सवार व्यक्तियों ने पुलिस पार्टी को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त स्कूटी सवार व्यक्तियों को काबू कर उनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6 लाख रुपये की नकदी और 1 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए व्यक्तियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान डोडा पोस्त तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।